सुल्तानपुर। सीताकुंड घाट पर 2600 दीप जलाकर सोमवार की शाम को गंगा उत्सव मनाया गया। इस दौरान प्रवचन, भजन संध्या के बाद गोमती आरती उतारी गई। वहीं, छात्राओं ने रंगोली सजाई और चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। लोगों ने गोमती नदी को स्वच्छ रखने की शपथ ली।
सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने गोमती को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जागरूकता के उद्देश्य से चित्र बनाया। घाट पर आकर्षक तरीके से रंगोली सजाई और लोगों को गोमती को प्रदूषण से बचाने के लिए जागरूक किया।
जिला परियोजना अधिकारी अभिनंदन प्रताप ने कहा कि हमें जल प्रदूषण को रोकना होगा। गोमती मित्र मंडल के अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह ने वहां मौजूद लोगों से गोमती नदी में किसी भी प्रकार के फूल, पॉलीथिन न डालने का अनुरोध किया। इस मौके पर श्रद्धालुओं व अधिकारियों की भीड़ रही।