गंगा दशहरा पर्व पर मंगलवार को धोपाप घाट के पास स्थित आदि गंगा गोमती में हजारों श्रद्घालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार सुबह से ही प्रशासनिक अमला डटा रहा।
जिले का प्रमुख तीर्थस्थल धोपाप गोमती नदी के किनारे शाहगढ़ गांव के पास स्थित है। गंगा दशहरा के पर्व पर मंगलवार को यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ स्नान, ध्यान व पूजन करने के लिए उमड़ेगी। प्रशासन की ओर से सोमवार को देर शाम तक धोपाप में तैयारियां पूरी करने का दावा किया जा रहा है। तहसील प्रशासन का पूरा अमला सुबह से ही धोपाप में डटा रहा। विद्युत आपूर्ति के लिए एक जेनरेटर लगा दिया गया है।
राम जानकी मंदिर के पास से मेले के लिए दो रास्ते बनाए गए हैं। सोलर लाइट व स्ट्रीट लाइट का इंतजाम किया जा रहा है। घाट के आसपास सफाई करा दी गई है। मेले में आने वाले श्रद्घालुओं को पेयजल की असुविधा न हो, इसके लिए पानी की टंकी में टोटी लगा दी गई। गंगा दशहरा की तैयारी को लेकर सोमवार को दिन भर नायब तहसीलदार विकासधर दुबे समेत कई ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी डटे रहे।
मेलार्थियों को नहीं होगी दिक्कत
लंभुआ। एसडीएम दिनेश कुमार गुप्त ने बताया की विद्युत आपूर्ति के लिए जेनरेटर लगा दिया गया है। इसके अलावा सोलर लाइट व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जा रही है। सफाई कर्मियों की टीम लगाकर धोपाप घाट के आसपास सफाई करा दी गई है। धोपाप में आने वाले मेलार्थियों को कोई असुविधा नहीं होगी। सारे इंतजाम पूरे करा दिए गए हैं।