अमहट (सुल्तनापुर)। आरटीओ कार्यालय के पास एक मकान में 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा शुक्रवार सुबह सात बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। पीड़िता से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करने वाले और उसके दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शहर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी नाबालिग हैं।
कोतवाली देहात के एक गांव की 14 वर्षीय छात्रा अपने माता-पिता के साथ शहर में रहती है। यहां पर एक कॉलेज में 10वीं कक्षा में पढ़ रही है। पीड़िता की मां के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए निकली थी, तभी अमहट पार्क के पास धम्मौर के मनियारपुर का एक नाबालिग आरोपी मिला। वह चार पहिया वाहन से था।
स्कूल छोड़ने के बहाने छात्रा को कार में बैठाया और पर्यावरण पार्क पहुंच गया। वहां आरोपी के दो साथी भी गाड़ी में बैठ गए। स्कूल छोड़ने के बजाय तीनों छात्रा को बहलाकर आरटीओ कार्यालय के पास एक मकान में ले गए और दुष्कर्म किया। छात्रा के हाथ पैर पकड़कर और मुंह में गमछा बांधकर वारदात को अंजाम दिया गया।
एक घंटे बाद छात्रा को होश आया तो उसने मदद के लिए आवाज लगाई। मकान के आसपास रहने वाली महिलाओं ने आवाज सुनी। इस बीच तीनों आरोपी वहां से भाग गए। घटना की जानकारी सबसे पहले पीड़िता ने मौसी को दी, उसके बाद छात्रा के माता-पिता पहुंचे।
मां की तहरीर पर पुलिस ने देरशाम तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया। एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि एक आरोपी को पकड़ लिया है, अन्य दोनों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
बृहस्पतिवार रात इंस्टाग्राम पर आरोपी से हुई थी चैटिंग
पीड़िता की मां के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे आरोपी से उनकी बेटी की इंस्टाग्राम पर चैटिंग हुई थी। उसने मिलने के लिए कहा था, लेकिन बेटी ने मना कर दिया था। इसके बावजूद शुक्रवार को आरोपी छात्रा से मिलने पहुंच गया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ गलत काम किया।