सुल्तानपुर। शहर में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस नेे चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। केस तो दर्ज कर लिया गया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
शहर में किराये के कमरे में मां के साथ रहकर पढ़ाई करने वाली किशोरी को 20 जनवरी रात उसके घर के पास अगवा कर चार युवकों ने सामूहिक दुुष्कर्म किया था। आरोपी युवक मिशान अपने तीन साथियों रंगबाज, साहिल और अज्जू के साथ उसे कार से लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर छोड़ कर भाग निकले थे। बृहस्पतिवार को पीड़िता घर वालों के साथ पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत की। एसपी के आदेश पर कोतवाली नगर में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। केस दर्ज करने के बाद भी कोतवाली नगर पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है। प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि आरोपियोें की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
महिला से छेड़खानी के मामले में केस दर्ज
सुल्तानपुर। करौंदीकला थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि 29 जनवरी की शाम वह खेत से घर वापस आ रही थी। रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उनके साथ छेड़खानी की। करौंदीकला थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप
कुड़वार (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के एक युवक पर बृहस्पतिवार दोपहर में घास काटने गई अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान वर्मा ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।