सुल्तानपुर। स्थानीय स्टेशन यार्ड के वाशिंग लाइन के निकट स्थित गुड्स साइडिंग के पास शनिवार की रात शंटिंग के दौरान मालगाड़ी एक डिब्बा डिरेल हो गया। वैगन के पहिए ट्रैक से उतरने से रेल विभाग में हड़कंप मच गया।
रात में ही अयोध्या से एआरटी (एक्सीडेंटल रिलीफ ट्रेन) मंगाई गई। एआरटी की मदद से करीब पांच घंटे बाद रविवार की भोर तीन बजे डिरेल हुए वैगन को पटरी पर लाया जा सका। डीआएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
शनिवार की रात करीब 10 बजे एक मालगाड़ी से रिफाइंड आयल स्थानीय स्टेशन यार्ड के वाशिंग लाइन के निकट स्थित गुड्स साइडिंग स्थल पर अनलोडिंग किए गए।
रिफाइंड आयल की अनलोडिंग होने के बाद मालगाड़ी की शंटिंग की जा रही थी। शंटिंग के दौरान मालगाड़ी का इंजन से पीछे का 14 वें डिब्बा का पहिया अचानक ट्रैक से उतर गया।
मालगाड़ी का वैगन डिरेल होने की सूचना मालगाड़ी चालक ने तत्काल कंट्रोल रूम व स्थानीय रेलवे के अधिकारियों को दी। वैगन डिरेल होने की सूचना मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया।
सूचना पर स्थानीय रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारियों के निर्देश पर अयोध्या जनपद से एआटी (एक्सीडेंटल रिलीफ ट्रेन) मंगाई गई।
एआरटी की मदद से देर रात करीब 12 बजे मालगाड़ी के वैगन को ट्रैक पर लाने का कार्य शुरू किया गया। रविवार की भोर करीब पांच घंटे के बाद डिरेल हुए मालगाड़ी के डिब्बे को दोबारा ट्रैक पर लाया गया।
मालगाड़ी का वैगन ट्रैक पर आने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी का वैगन ट्रैक के बीच मिट्टी अधिक होने की वजह से डिरेल हो गया। घटना की जानकारी होने पर डीआरएम संजय त्रिपाठी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना ने बताया कि शनिवार की रात डिरेल होने के बाद एआरटी अयोध्या से मंगाई गई थी। भोर करीब तीन बजे वैगन को ट्रैक पर वापस लाया गया। प्रथम दृष्टया ट्रैक में कमी की वजह से मालगाड़ी का वैगन डिरेल हुआ पाया गया है। वैगन के डिरेल होने की जांच रिपोर्ट डीआरएम को प्रेषित कर दी गई है।