सुल्तानपुर। सहायक अध्यापक ने महिला शिक्षामित्र से 15 लाख रुपये एफडी कराने और बैंक में जमा करने के नाम पर हड़प लिया। महिला को इसका पता तब चला जब वह बैंक में एफडी की जांच कराने के लिए पहुंची। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी सहायक अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
बल्दीराय क्षेत्र के चकटेरी (हैंहनाकला) गांव की रहने वाली रीता देवी शिक्षामित्र हैं। वे पैर से दिव्यांग हैं। रीता के विद्यालय में मो. शमीम खान सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। रीता का आरोप है कि वेछह वर्षों से मो. शमीम खान को बैंक में 15 सौ रुपये प्रतिमाह जमा करने के लिए देती थीं। इसके अलावा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी कर रहे उनके पति राजेश कुमार ने मो. शमीम के बैंक खाते में पांच लाख रुपये एफडी करने के लिए डाला था। उन्होंने और उनके पति ने मो. शमीम को कुल 15 लाख रुपये दिए थे। इस बीच जब रीता देवी बैंक में एफडी के कागजात लेकर पहुंचीं तो पता चला सब फर्जी है। बैंक में रुपये भी नहीं जमा थे। पुलिस ने रीता देवी की तहरीर पर सहायक अध्यापक मो. शमीम खान के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।