कलेक्ट्रेट के सामने तोड़ा गया चबूतरा।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। शहर में पयागीपुर-गोलाघाट फोरलेन के निर्माण में जगह-जगह बाधा आ रही है। निर्माण की राह में एक रोड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर निर्मित घेरा था जिसे डीएम के निर्देश पर बुधवार की रात को ढहा दिया गया। इसके बाद भी कई जगहों पर फोरलेन की राह में रोड़ा अभी बना है। उसे नहीं हटाए जाने पर फोरलेन के संकरा होने की संभावना बनी है।
कलेक्ट्रेट की चारदीवारी के बाहर सुंदरीकरण के लिए नगर पालिका ने कुछ वर्ष पूर्व एक पक्का घेरा बनाया गया था। यह घेरा पयागीपुर-गोलाघाट फोरलेन की राह में रोड़ा बना था। इसकी वजह से फोरलेन चौड़ा नहीं हो पा रहा था। एक तरफ मार्ग संकरा हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग को घेरा हटवाने का निर्देश दिया। बुधवार की रात पीडब्ल्यूडी ने घेरे को जेसीबी से हटवा दिया। हालांकि इसके आगे विकास भवन के पास बना घेरा अभी फोरलेन की राह में रोड़ा बना है। इसके आगे पार्क की दीवार से भी एक लेन संकरी हो रही है। गोपालदास नाले के पुल का निर्माण अभी नहीं शुरू हो सका है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने मार्ग के लेपन का कार्य तेजी से शुरू करा दिया है। बताया जा रहा कि पीडब्ल्यूडी अन्य रोड़े को भी हटवाने की तैयारी में है।
नवंबर में कार्य पूरा करने की डेडलाइन
करीब चार साल से निर्माणाधीन फोरलेन को नवंबर तक हरहाल में पूरा करने का निर्देश गत माह सांसद मेनका गांधी ने दिया है। सांसद के निर्देश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से हर रात कार्य करवाया जा रहा है। विभाग निर्धारित तिथि पर मार्ग का कार्य पूरा करने की तैयारी में जुटा है। इंजीनियरों के मुुताबिक भीड़ की वजह से दिन में कार्य कराया जाना संभव नहीं है।