सुल्तानपुर। बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से चल रहे चार विद्यालयों को बंद करा दिया। महकमे की इस कार्रवाई से बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
बेसिक शिक्षा विभाग कई दिनों से बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों को बंद करने के लिए चेतावनी जारी कर रहा था। इसी क्रम में शनिवार को कुड़वार ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने विभागीय कर्मियों के साथ अलीगंज व आसपास के इलाके में चल रहे स्कूलों का निरीक्षण किया।
इसमें चार स्कूल मान्यता संबंधित कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। निरीक्षण में पूरे पंवार में छत्रपति फाउंडेशन स्कूल, कोटिया में ब्राइट इंडियन एजुकेशनल अकादमी, अलीगंज में न्यू लाइट पब्लिक स्कूल व एक अन्य स्कूल बिना मान्यता के संचालित होते मिले। इन विद्यालयों को मौजूद प्रधानाचार्य और संचालकों को चेतावनी देते हुए बंद करा दिया गया। बीईओ ने कहा कि बिना मान्यता के स्कूल संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। यदि ये विद्यालय खुले मिले तो कार्रवाई की जाएगी।