गोलाघाट-टेढ़ुई फोरलेन के किनारे लगाए गए खंभे व तार। संवाद
सुल्तानपुर। लंबे समय से अधर में लटके गोलाघाट-टेढ़ुई फोरलेन सड़क के निर्माण को रफ्तार मिल गई है। सड़क निर्माण में सबसे बड़ी बाधा बनी बिजली लाइनों को स्थानांतरित करने (शिफ्टिंग) का काम लगभग पूरा हो गया है। दूसरे चरण की गिट्टी कुटाई का कार्य शुरू कर दिया गया। फोरलेन सड़क चालू होने से जिले वासियों काफी राहत मिलेगी।
शहर से टेढ़ुई तिराहे तक आए दिन लगवाने जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शासन ने 67 करोड़ रुपये की लागत से इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मंजूरी दी थी। मिट्टी पटाई और पहले स्तर की गिट्टी कुटाई का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफार्मर नहीं हटने से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। शासन से निर्देश के बाद कार्यदायी संस्था ने बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम तेज कर दिया है। नए खंभे और ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक करीब 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसके बाद सड़क की पेंटिंग करने की तैयारी है। करीब तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग के फोरलेन बनते ही शहर के इस हिस्से में लगने वाले जाम से लोगाें को राहत मिलेगी।
ये मिलेंगे फायदे
तीन किमी मार्ग होगा फोरलेन
दोनों ओर से सुगम आवागमन
घंटों का जाम होगा खत्म
शहर के ट्रैफिक पर दबाव घटेगा
इनसेट:
दूसरे लेयर की हो रही गिट्टी कुटाई
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि बिजली लाइनों को हटाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। दूसरे लेयर की गिट्टी कुटाई होते ही सड़क की पेंटिंग शुरू कर दी जाएगी। फर्म को बरसात से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।