सुल्तानपुर। धनपतगंज ब्लाॅक के केवटली ग्राम पंचायत के बड़े गोवंश आश्रय स्थल में मंगलवार को चार गाेवंश मरणासन्न अवस्था में मिले। जबकि पांच पशु गंभीर रूप से बीमार पाए गए। इस सूचना ने आला अफसरों में खलबली मचा दी। सीडीओ समेत अफसर भागकर गांव पहुंचे तो वहां गंदगी, जलभराव व चारा की कमी जैसी समस्याएं देखकर दंग रह गए। सीडीओ के निर्देश पर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया गया है।
मंगलवार की सुबह अचानक सांसद मेनका गांधी को केवटली गोवंश आश्रय स्थल पर दर्जनों गोवंशों की मरने की सूचना मिली। सांसद ने डीएम को आश्रय स्थल की जांच कराने व आराेपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएम ने सीडीओ अंकुर कौशिक को खुद जाकर गोशाला की जांच करने के निर्देश दिए। सीडीओ दोपहर को गोशाला पहुंचे और परियोजना निदेशक व धनपतगंज के प्रभारी बीडीओ केके पांडेय, डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल व पशु चिकित्सा अधिकारी को भी वहीं बुला लिया। गंभीर रूप से बीमार पशुओं के स्वास्थ्य समेत आश्रय स्थल की जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की आश्रय स्थल पर भीड़ लग गई।
अधिकारियों की जांच में आश्रय स्थल में चारे की कमी, हरे चारा की समस्या समेत परिसर में जलभराव व गंदगी का अंबार मिला। पीडी ने बताया कि पशु चिकित्सक की जांच में चार पशु मरणासन्न अवस्था में पाए गए। पशु चिकित्सक के मुताबिक चारा डालते समय पशुओं में आपस में मारपीट की वजह से चार गोवंश मरणासन्न हो गए हैं, जबकि पांच गोवंश गंभीर रूप से घायल हैं। अव्यवस्था पर पीडी व प्रभारी बीडीओ धनपतगंज केके पांडेय ने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, केयर टेकर व सफाई कर्मी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति की है।
इसके बाद एडीओ प्रेमलाल यादव ने बल्दीराय थाने में ग्राम प्रधान राजेश यादव और पंचायत सचिव शिव प्रसाद वर्मा के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। बल्दीराय थानाध्यक्ष अशोक कुमार गौड़ ने बताया कि दोनो के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने सफाई कर्मी रमेश कुमार को निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद उसे कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। बताया कि निरीक्षण में सफाई कर्मी की लापरवाही मिली थी।