दूबेपुर (सुल्तानपुर)। सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन का करीब पांच किमी हिस्सा दूधिया रोशनी से जगमग होगा। मार्ग पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। बिजली के लिए तीन ट्रांसफार्मर लगा दिए गए हैं। एनएचएआई के निर्देश पर लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है। प्रकाश व्यवस्था से यात्रियों का आवागमन सुलभ हो सकेगा।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे के सुल्तानपुर-वाराणसी खंड का चौड़ीकरण कार्य अभी चल रहा है। इसके बीच फोरलेन पर पीएम के उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए शहर के करीब पांच किमी हिस्से में ओवरब्रिज समेत बाकी मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था का काम शुरू हो गया है।
एनएचएआई की ओर से शहर के पयागीपुर ओवरब्रिज व पश्चिमी क्षेत्र के मार्ग पर अमहट के पास तक करीब तीन किमी सड़क पर एलईडी लाइट लगाने का काम पूरा हो गया है। अब पयागीपुर से पूर्वी छोर पर लोहरामऊ तक एलईडी लाइट लगाने का कार्य शुरू हो गया है। मार्ग के उद्घाटन को देखते हुए जल्द काम पूरा कराने पर एनएचएआई ने जोर दिया है।
शहर के करीब हाईवे पर लाइट लगने से मार्ग दूधिया रोशनी से जगमग हो सकेगा। बिजली आपूर्ति के लिए अहमट से पयागीपुर ओवरब्रिज तक तीन ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किए गए हैं। अमहट पार्क व केंद्रीय विद्यालय के पास 25-25 केवीए और रानीगंज गांव में 63 केवीए क्षमता के ट्रांसफाॅर्मर लग गए हैं। रोशनी होने से रात में सफर करने वालों को परेशानी से निजात मिल सकेगी।
200 वाट की 144 एलईडी लाइटें लगीं
पयागीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए गए करीब एक किलोमीटर लंबे इस ओवरब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था के लिए दोनों तरफ 30-30 फीट की दूरी पर नौ मीटर ऊंचे 72 पोल लगाए गए हैं। इनमें 200 वाट की 144 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा अमहट स्थित हाजी पेट्रोल पंप से लेकर ओवरब्रिज के पश्चिमी मुहाने तक फोरलेन के बीच में डिवाइडर पर 10 मीटर ऊंचाई वाले 82 खंभों में 164 लाइटें लगा दी गई हैं। पूर्वी मुहाने से लेकर लोहरामऊ कस्बे तक 198 खंभे लगाने का काम दिन-रात चल रहा है। खंभों पर कुल 370 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
कनेक्शन मिलते ही जलेगी लाइट
एनएचएआई के परियोजना निदेशक (वाराणसी) आरएस यादव ने बताया कि बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी होते ही रोड लाइट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। प्रक्रिया चल रही है।