सुल्तानपुर। रेलवे की ओर से सुल्तानपुर स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के सामान्य श्रेणी के कोच के सामने स्वच्छ और पौष्टिक इकोनॉमी भोजन का पैकेट देने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए रेलवे ने तीन मेन्यू तय किए हैं। सबसे सस्ता 20 रुपये का पैकेट है। इसमें सात पूरियां, आलू की सूखी सब्जी और अचार मिलेगा। इससे जरनल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी।
आम तौर पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सामान्य श्रेणी के डिब्बों के सामने भोजन की व्यवस्था नहीं रहती। जरनल कोच के यात्री समोसा, चाय, बिस्कुट, नमकीन, ब्रेड के सहारे सफर तय करते हैं या फिर खुद का भोजन लेकर चलते हैं।
लखनऊ मंडल के आठ स्टेशनों के प्लेटफार्मों पर सामान्य डिब्बों में यात्रा करने वाले मुसाफिरों को सस्ता खाना देने की व्यवस्था अब शुरू की जा रही है। इसके तहत प्लेटफॉर्म पर सामान्य श्रेणी के डिब्बों के रुकने वाले स्थानों पर सस्ता खाना मिलेगा। इसकी शुरुआत 20 रुपये के पैकेट से की गई है।
इस पैकेट में सात पूरियां (175 ग्राम), आलू की सूखी सब्जी (150 ग्राम) और अचार रहेगा। 50 रुपये के पैकेट में 350 ग्राम के स्नैक्स मील के तहत दक्षिण भारतीय चावल, राजमा/छोले-चावल, खिचड़ी, कुलचे/छोले-भटूरे, पाव भाजी, मसाला डोसा मिलेगा।
यह सुविधा आईआरसीटीसी की ओर से लखनऊ रेल मंडल के वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या कैंट, जौनपुर व शाहगंज स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मनीष थपल्याल ने बताया कि रेलयात्रियों की सुविधा को देखते हुए इकोनॉमी भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए इसकी नियमित रूप से निगरानी भी की जाएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर इकोनामी भोजन का अस्थायी स्टाल जल्द ही संचालित किए जाने की पुष्टि की है।