सुल्तानपुर। नगर पालिका की ओर से शहर में संचालित टैंपो-टैक्सी पार्किंग शुल्क की वसूली के लिए पांच ठेके आवंटित कर दिए गए हैं। ठेका 45,650 रुपये रोज की वसूली पर किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में पार्किंग शुल्क के ठेके में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए नगर पालिका की ओर से टैंपो-टैक्सी पार्किंग शुल्क की वसूली का ठेका 45,650 रुपये की प्रतिदिन की दर पर आवंटित किया गया है। यह ठेका मेसर्स आर्मी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स के प्रोपराइटर अजय सिंह के नाम से आवंटित किया गया है।
दो फरवरी को प्रशासन ने शहर के विभिन्न स्थानों पर संचालित स्टैंडों की पार्किंग शुल्क की वसूली का ठेका निरस्त कर दिया था। इस वजह से पालिका को नुकसान भी हो रहा था। ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि अनुबंध के आधार पर ठेका आवंटित कर दिया गया है। सोमवार से पार्किंग वसूली की जाएगी। वसूली करने वाले व्यक्ति को आई कार्ड रखना अनिवार्य रहेगा। अनुबंध की शर्तों को पूरा करने की सख्त हिदायत फर्म के प्रोपराइटर को दी गई है।
इन स्थानों पर संचालित हो रहे पालिका के पार्किंग स्टैंड
नगर पालिका की ओर से टैक्सियों की पार्किंग के लिए गोलाघाट पुराने पुल के पास, गभड़िया जिला पंचायत गौशाला के सामने (नया पार्किंग स्थल), करौंदिया रेलवे क्राॅसिंग के उस पार, ट्रांसपोर्ट नगर पयागीपुर के पास (नया पार्किंग स्थल), पंत स्टेडियम हनुमान मंदिर के पास टैक्सी-टैम्पो (संयुक्त) का स्थल नियत किया गया है।