सुल्तानपुर। सावन के पहले सोमवार को हर-हर महादेव की गूंज के बीच भगवान शिव का शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। शिवालयों में श्रद्धालुओं ने अपने ईष्ट को दूध से स्नान भी कराया। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और विश्व के कल्याण की कामना की।
जिला मुख्यालय पर रामलीला मैदान स्थित सिद्धेश्वर धाम में उमड़े श्रद्वालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भगवान शिव का दूध और जल से जलाभिषेक किया। वहीं, पीडब्ल्यूडी रोड पर स्थित पौराणिक पारिजात वृक्ष के समीप स्थित मां पार्वती मंदिर में भी शिवभक्तों का तांता लगा रहा। शहर के अन्य मंदिरों पर भी आए भक्तों का उत्साह देखते बन रहा था। शिव मंदिरों और शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना के लिए भक्तोें की भीड़ जुटी रही।
बाबा जनवारी नाथ में जलाभिषेक को उमड़ी भीड़
लंभुआ (सुल्तानपुर)। सावन के प्रथम सोमवार को जिले के प्रसिद्ध बाबा जनवारीनाथ धाम में शिवभक्तों की भीड़ भोर तीन बजे से ही उमड़ पड़ी। भक्तों ने बेलपत्र, अक्षत, पुष्प व नैवेद्य अर्पित कर जलाभिषेक किया। वहीं बाबा जनवारीनाथ धाम सेवा संस्थान (ट्रस्ट) के संयोजन में सुबह छह बजे से आयोजित साप्ताहिक महारुद्राभिषेक में 11 परिवार शामिल हुए। आठ विद्वान पुरोहितों के स्वस्तिवाचन व निर्देशन में लोगों ने पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया। भस्म आरती व विसर्जन के बाद भक्तों को प्रसाद भी दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अखण्डदेव मिश्र के नेतृत्व में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
जनवारीनाथ पहुंची 21 फीट की कांवड़
भदैयां (सुल्तानपुर)। हनुमानगंज बाजार से 21 फीट की कांवड़ लेकर शिवभक्त दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बाबा जनवारी नाथ धाम पहुंचे। भक्तों ने जलाभिषेक करके पूजन किया। बाद में महाप्रसाद लेकर भक्त आगे के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में तमाम स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। वहीं शिवगढ़ थाने में शिव मंदिर का शिलान्यास थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने किया। सोमवार को इसका शिलान्यास कर मंदिर की औपचारिक शुरुआत की गई है। संवाद
भक्तों ने किया शिवमहापुराण का रसपान
सूरापुर (सुल्तानपुर)। भगवान भोलेनाथ त्याग, तपस्या, वात्सल्य तथा करुणा की मूर्ति हैं। शिवमहापुराण की कथा का श्रवण कराते हुए आचार्य संकठा प्रसाद देव ने कहा कि निर्मल मन से मात्र एक लोटा जल चढ़ा देने से भगवान शिव प्रसन्न हो जाते हैं। मुख्य पुजारी विजय नाथ पाठक ने व्यास पीठ की आरती उतारी। वहीं, पंचमुखेश्वर महादेव कांवड़िया संघ ने पंचमुखी शिवालय पर महादेव का जलाभिषेक किया। ओमप्रकाश बरनवाल, नन्हकऊ, सुधीर सोनी, रवि अग्रहरि, प्रदीप अग्रहरि, रवि श्रीवास्तव, संगम मोदनवाल, दुर्गेश अग्रहरि आदि मौजूद रहे।