सुल्तानपुर। शहर के पंत स्टेडियम में पांच करोड़ रुपये से कराए जा रहे कार्यों में गड़बड़ी पाई गई है। एक ईंट दूसरे पर गिरते ही टूट गई। घटिया ईंट का प्रयोग मिलने पर डीएम ने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को ईंट बदलवाने के साथ ईंट की जांच लैब में कराने का निर्देश दिया है। साथ ही समय-समय पर गुणवत्ता की जांच का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने सीडीओ अतुल वत्स के साथ शहर के पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब पांच करोड़ रुपये से खेलकूद सुविधा बढ़ाने के चल रहे कार्य का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने स्टेडियम के निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।
गुणवत्ता जांचने के लिए निर्माण के लिए रखी ईंट को दूसरी ईंट पर गिराकर देखा। एक ईंट दूसरी पर गिरते ही दो खंड में हो गई। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को ईंट बदलवाने का निर्देश देते हुए ईंट की जांच लोक निर्माण विभाग के लैब में कराने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही जिला क्रीड़ाधिकारी को समय-समय पर निर्माण के गुणवत्ता की जांच कराने का निर्देश दिया है। डीएम ने कहा कि घटिया निर्माण मिलने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई होगी।