फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: पांच पंचायतों ने झटका मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार

Sat, 03 Jun 2023 11:57 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। जिले की पांच ग्राम पंचायतें 32 बिंदुओं के काम में अव्वल आई हैं। पंचायत भवन, स्वच्छता, पंचायत आय समेत अन्य कामों में नंबर एक आने पर ग्राम पंचायतों ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार झटका है। पंचायतों को अधिकतम 11 व न्यूनतम दो लाख रुपये का पुरस्कार मुख्यमंत्री की ओर से दिया गया है। पुरस्कार में मिली रकम से ग्राम पंचायतें विकास कार्य को आगे बढ़ाएंगी। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने पंचायतों को पुरस्कृत करते हुए विकास कार्यों के प्रति प्रेरित किया है।
विज्ञापन



मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। योजना के तहत ग्राम पंचायतों की ओर से आवेदन में निर्धारित 32 बिंदुओं के प्रश्नों का उत्तर दिया गया था। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिलाधिकारी की ओर से गठित टीम ने प्रत्येक बिंदुओं का सत्यापन करते हुए नंबर दिया था।


योजना के तहत जिले से अधिकतम पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया जाना था। सत्यापन में बल्दीराय की ग्राम पंचायत हलियापुर नंबर एक पर आई है। मोतिगरपुर की शाहपुर लपटा ग्राम पंचायत दूसरे, पीपीकमैचा की शुकुल उमरी तीसरे व इसी ब्लॉक की भिरौरा चौथे और भदैंया की जद्दूपुर ग्राम पंचायत पांचवें स्थान पर आई है। डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने बताया कि पांचों ग्राम पंचायतों को योजना का पुरस्कार मुख्यमंत्री की ओर से दिया गया है।
विज्ञापन






अच्छे काम पर मिला पहला स्थान
बल्दीराय विकास खंड की हलियापुर ग्राम पंचायत के प्रधान विक्रम कुमार सरोज सीएम पुरस्कार की राशि पाने से खुश हैं। बताया कि जिले में ग्राम पंचायत का पहला स्थान आना गौरव की बात है। पंचायत में शासन के मानक के मुताबिक सभी काम कराए गए हैं। इस वजह से 11 लाख रुपये का पुरस्कार मिला है। पुरस्कार की राशि से ग्राम पंचायत में विकास कार्य कराए जाएंगे।


ग्राम पंचायत का गौरव बढ़ा
पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत नंबर दो पर रहते हुए नौ लाख रुपमे का पुरस्कार पाने वाले मोतिगरपुर के शाहपुर लपटा के ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत में लगातार अच्छा काम कराया जा रहा है। सत्यापन में काम अच्छा मिलने पर ग्राम पंचायत का चयन करके पुरस्कृत किया गया है। पुरस्कार से ग्राम पंचायत का गौरव बढ़ा है।


और अच्छा काम कराने का हौसला बढ़ा
प्रतापपुरकमैचा ब्लॉक की शुकुलउमरी ग्राम पंचायत को तीसरा स्थान मिला है। ग्राम पंचायत को छह लाख रुपये पुरस्कार के रूप में मिले हैं। ग्राम प्रधान मीना मनोज गोस्वामी ने बताया कि कार्यों के आधार पर ग्राम पंचायत का चयन किया गया है। पुरस्कार मिलने से ग्राम पंचायत में और अच्छा काम कराने का हौसला बढ़ा है। पुरस्कार की रकम से विकास कार्य कराए जाएंगे।



पुरस्कार मिलना ही बड़ी बात
प्रतापपुरकमैचा विकास खंड की भिरौरा ग्राम पंचायत को योजना के तहत चौथे पुरस्कार के रूप में चार लाख रुपये मिले हैं। ग्राम प्रधान केश बहादुर सिंह ने बताया कि पुरस्कार मिलना ही बड़ी बात है। पुरस्कार मिलने से काम कराने का हौसला बढ़ा है। अन्य बिंदुओं पर अच्छा काम कराते हुए नंबर एक आने की कोशिश की जाएगी।



करेंगे अव्वल आने की कोशिश
भदैंया विकास खंड की जद्दूपुर ग्राम पंचायत को पांचवें पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये मिले हैं। ग्राम प्रधान अभय प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत को पुरस्कृत किए जाने से हौसला बढ़ा है। भविष्य में हर बिंदुओं पर अच्छा काम कराकर अव्वल आने की कोशिश की जाएगी। ग्राम पंचायत में सभी सुविधाएं बहाल कराई जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें