अखंंडनगर थाने में आरोपी रोहित तिवारी (बाएं), राम बाबू (बीच में), अंकुर प्रजापति (दाएं)। स्रोत-प
सुल्तानपुर। अखंडनगर के रायपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास शुक्रवार तड़के पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो तस्करों के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 1.80 किलो मॉर्फीन,
दो असलहे, कारतूस और दो कारें मिली हैं। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 5.50 करोड़ रुपये बताई है।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि अखंडनगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम शुक्रवार तड़के पांच बजे रायपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। अंबेडकरनगर से लखनऊ जा रही दो संदिग्ध कारें दिखाई दीं। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो कार सवारों ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। वाहन अनियंत्रित होने के बाद कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बलरामपुर जिले के जैतापुर के सिंहनाथ निवासी खुर्शीद आलम और बल्दीराय के डीह निवासी प्रशांत सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। साथ में मौजूद बल्दीराय के गोविंदपुर निवासी रोहित तिवारी, मकदूमपुर निवासी अंकुर प्रजापति और पटना जिले के बिहटा के गुलटेरा बाजार निवासी रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी खुर्शीद और प्रशांत के पास से दो असलहे और कारतूस मिले हैं।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी चारू निगम ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।