भदैंया/मोतिगरपुर। अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर के फिरोजपुर शाहपुर के रहने वाले पांच बदमाशों को सोमवार देर रात कोतवाली देहात और मोतिगरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जिसमें तीन बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुए हैं। मुठभेड़ में शामिल एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। घायलों का इलाज कराने के बाद मंगलवार को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ में मिली जानकारी का मंगलवार को खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अंबेडकरनगर के जलालपुर के फिरोजपुर, शाहपुर निवासी मुकेश, लालू, राज, नीरज लोना, समीर लोना व पिंटू के खिलाफ अंबेडकरनगर, अयोध्या व कई जिलों में आपराधिक केस दर्ज हैं। उन लोगों का एक गैंग है।
सोमवार को इन बदमाशों ने सुल्तानपुर शहर के सीताकुंड घाट पर होने वाली छठ पूजा को टारगेट किया था। असलहों से लैस तीन-तीन बदमाश दो अलग-अलग बाइकों से सीताकुंड घाट पर लूट, छिनैती की वारदात को अंजाम देने वाले थे। रात में वे अंबेडकरनगर से बाइकों से निकले। तभी पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास एक बाइक पर सवार मुकेश, लालू व राज को कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने रोकने की कोशिश की, तो उन लोगों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
जवाबी फायरिंग में दाहिने पैर में गोली लगने से मुकेश घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तभी बाइक से सीताकुंड घाट पहुंचने से पहले नीरज लोना, समीर लोना व पिंटू का मोतिगरपुर का बेलवारी मोड़ के पास पुलिस से सामना हो गया। तीनों ने असलहों से पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। जवाबी फायरिंग में नीरज लोना व समीर लोना पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पिंटू भाग निकला। पांचों के खिलाफ संबंधित थाने में केस दर्ज किया गया है।
चार बदमाशों का है आपराधिक इतिहास
मुठभेड़ में गिरफ्तार मुकेश के खिलाफ सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर में पांच, लालू के खिलाफ अंबेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़, संत कबीर नगर में 12 आपराधिक केस दर्ज हैं। वहीं, नीरज लोना के खिलाफ अमेठी व अंबेडकरनगर जिले में चोरी समेत अन्य धाराओं में नौ आपराधिक केस दर्ज हैं। समीर लोना के खिलाफ आजमगढ़, सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर में पॉक्सो एक्ट, चोरी समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।