पुलिस लाइन में मौजूद मोबाइल टावरों से चोरी करने के आरोपी। स्रोत-पुलिस
सुल्तानपुर। एसओजी और अखंडनगर पुलिस ने मंगलवार रात कुंदा भैरोपुर के पास से मोबाइल कंपनी के टावरों से उपकरण चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से दो लाख रुपये, एक कार, दो असलहे व कारतूस मिले हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य सुल्तानपुर समेत आसपास के जिलों में टावरों से उपकरण चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बुधवार को गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार रात करीब 11:50 बजे एसओजी व अखंडनगर पुलिस ने कुंदा भैरोपुर गांव के पास संदिग्ध कार का पीछा कर उसमें सवार पांच बदमाशों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी सरफराज मलिक, मुजफ्फरनगर के ककरौली निवासी अंकित कुमार, मेरठ के हस्तिनापुर के सैफपुर करमचंद्रपुर निवासी सुहेल मलिक, आमिर मलिक व मोहम्मद अयूब के रूप में हुई है।
तलाशी में सरफराज के पास से एक असलहा, एक कारतूस व 39,700 रुपये, अंकित के पास से एक असलहा, कारतूस व 44,400 रुपये, सुहेल के पास से 48,300 रुपये, आमिर के पास से 32,000 रुपये और मोहम्मद अयूब के पास से 35,600 रुपये बरामद हुए। आरोपियों के पास से कुल दो लाख रुपये नकद मिले हैं।
आरोपियों ने बताया कि टावर से चोरी किए गए सामान को बेचने पर उन्हें यह पैसे मिले हैं। एसपी ने गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।