सुल्तानपुर। इसौली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू समेत उनके पांच समर्थकों पर बुधवार को गिरोह बंद अधिनियम के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पंचायत चुनाव की मतगणना को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
धनपतगंज विकास खंड व थाना क्षेत्र के मायंग गांव निवासी पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू की ग्राम पंचायत में एक बूथ पर 29 अप्रैल को पुनर्मतदान होना है। दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना होनी है। इसे देखते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू व उनके चार समर्थकों पर गिरोह बंद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र के मुताबिक पंचायत चुनाव की मतगणना व पुनर्मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
इसके तहत धनपतगंज थाने की पुलिस ने पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू, अंशु सिंह उर्फ सूर्यप्रकाश सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह, दीपक सिंह उर्फ बबलू सिंह पुत्र बंटेश्वर सिंह निवासीगण मायंग, रुखसार अहमद पुत्र इरफान अहमद निवासी चांदगढ़ मौजा बनभरिया थाना कमरौली जिला अमेठी व विजय यादव पुत्र राम नेवाज यादव निवासी दिखौरा थाना धनपतगंज के खिलाफ गिरोह बंद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि अन्य थाना क्षेत्रों में 16 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।