सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना से जिले की पांच ग्राम पंचायतें नवाजी गई हैं। पुरस्कृत ग्राम पंचायताें को विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि के रूप में 10 से 35 लाख रुपये मिले हैं। योजना की राशि से ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
पंचायतीराज निदेशक ने अच्छा कार्य करने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायतों की सूची जिला पंचायतराज अधिकारी से मांगी थी। इस पर डीपीआरओ ने जिले के दूबेपुर ब्लॉक की कटावा, मोतिगरपुर के खरगपुर, पीपीकमैचा के कोथरा खुर्द व दरबरपुर और कादीपुर के अमरेथू डड़िया को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया था। प्रस्तावित ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री ने योजना के तहत पुरस्कृत किया गया है।
इसके तहत पांचों ग्राम पंचायताें को गांव के विकास के लिए पुरस्कार के लिए शासन ने अतिरिक्त राशि आवंटित कर दी है। ग्राम पंचायताें को 35 से 10 लाख रुपये जारी किए गए हैं। दूबेपुर की कटावां ग्राम पंचायत की प्रधान रिंकू सिंह को पहला स्थान मिलने पर उन्हें 35 लाख रुपया मिले हैं। डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के लिए चयनित ग्राम पंचायतों को पुरस्कार राशि मिल गई है। राशि से ग्राम पंचायताें में सद्भाव लॉन, रूरल मार्ट, ग्राम वाटिका, मिनी खेल स्टेडियम, अंत्येष्टि स्थल, आरोग्य केंद्र समेत अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।