सीएचसी में बैठे मृतक बच्चों के परिजन
करौंदीकला(सुल्तानपुर)। पाकड़पुर गांव में मंगलवार देर शाम तालाब में नहाते समय पांच बच्चे गहरे पानी में डूब गए। हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी बड़ी बहन सहित तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया गया। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करौंदीकला पहुंचाया गया। वहां से दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सगे भाइयों की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।
ग्रामीणों के अनुसार, पाकड़पुर निवासी इस्लाम दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। मंगलवार सुबह वह मजदूरी करने घर से निकले थे। इसी बीच उनका मझला पुत्र राज (12) व अपने छोटे भाई रियाज (09), बड़ी बहन आशिया (16), पड़ोस के रहने वाले सुशील गुप्ता के पुत्र अंश (08) और अखिलेश गुप्ता के पुत्र अंशु (10) के साथ शाम करीब पांच बजे गांव के तालाब के पास खेलने गया था। खेलते-खेलते पांचो बच्चे तालाब में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय पांचों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सभी बच्चों को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करौंदीकला पहुंचाया गया। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि सीएचसी में चिकित्सक ने राज और रियाज को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, आशिया और अंश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अंशु को प्राथमिक इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।