सुल्तानपुर। मौसम बदलने के साथ ही डेंगू ने खतरे की घंटी बजा दी है। मेडिकल कॉलेज में बुखार के चलते एक दिन पहले भर्ती युवक को कार्ड जांच में डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। इसके चलते मेडिकल कॉलेज को अलर्ट मोड पर कर दिया गया है। पूरी तरह संतुष्ट होने के लिए एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल रायबरेली भेजा जाएगा।
थाना क्षेत्र गोसाईंगंज का एक 24 वर्षीय युवक शुक्रवार को तेज बुखार के कारण मेडिकल कॉलेज के पुरुष अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसका प्लेटलेट्स काउंट काफी कम हो गया था। ऐसे में चिकित्सकों ने उसे डेंगू का संदिग्ध मरीज मानते हुए प्रयोगशाला में कार्ड जांच करवाई। कार्ड जांच में उसे पॉजीटिव पाया गया।
यह सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। मरीज को एक अलग कमरे में भर्ती कर वहां नेट आदि लगा दिया गया। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके गोयल ने सभी नर्सिंग स्टाफ को कूलर आदि चेक करने के निर्देश दे दिए हैं। कहा कि कहीं भी पानी भरा नहीं होना चाहिए जिससे डेंगू के मच्छर पनप सकें।
एलाइजा रिपोर्ट से ही सही स्थिति सामने आएगी
अभी इसे संदिग्ध रोगी माना जा रहा है। एलाइजा रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति सामने आएगी। बहरहाल मरीज का इलाज चल रहा है, उसकी हालत अभी स्थिर है। साफ-सफाई और पानी का ठहराव रोकने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं। साथ ही इस बारे में सीएमओ कार्यालय को भी अवगत कराया जा रहा है।
-डॉ. एसके गोयल, सीएमएस
शहर में नहीं है कोई सजगता
शहर में डेंगू के भावी प्रकोप को देखते हुए नगर पालिका से लेकर स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर कोई सतर्कता अभी नजर नहीं आ रही है। यहां तक कि लोगों को सावधान करने का काम भी नहीं किया गया है। एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग आदि का काम भी नहीं हो रहा है। ऐसे में जिस तरह यह केस सामने आया है, यह लापरवाही शहर पर भारी पड़ सकती है।