सुल्तानपुर। बाइक सवार एक युवक पर बुधवार की शाम बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग में युवक बाल-बाल बच गया था। ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। छिनैती का केस दर्ज कराने की वजह से युवक को निशाना बनाया गया। पुलिस केस दर्ज कर फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह हमला क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर निवासी मोहित पांडेय पर बुधवार की शाम हुआ। बाइक सवार बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग के दौरान मोहित ने सरसी गांव के एक मुर्गी फार्म में भागकर अपनी जान बचाई थी। फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एक हमलावर को पकड़ लिया था, जबकि अन्य फरार हो गए थे। देर शाम सीओ कादीपुर राधेश्याम शर्मा थाने पहुंचे और पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पांच माह पूर्व क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर लघु माध्यमिक विद्यालय के पास मोहित पांडेय से चार बाइकों पर सवार युवकों ने मोबाइल छीन लिया था।
मामले में तहरीर पर डीएम यादव समेत अन्य के खिलाफ छिनैती का केस दर्ज कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। छिनैती का केस दर्ज कराने की वजह से डीएम यादव समेत अन्य आरोपी रंजिश मानते थे। बुधवार को मोहित का पीछा करके उसे जान से मारने के लिए फायरिंग कर दी। एसओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लल्लू शर्मा के मुताबिक मोहित पर डीएम यादव ने फायरिंग की थी। पुलिस ने पीड़ित के पिता उमेश पांडेय की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।