गोसाईगंज। महिलोआशापुर में सोमवार रात दिवाली के उपलक्ष्य में आयोजित भंडारे के दौरान युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि रात में मंदिर के पास पहुंचे हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
महिलो आशापुर निवासी बंटी वर्मा के मुताबिक सोमवार को गांव में भंडारा चल रहा था। रमेश वर्मा और कुलदीप वर्मा के बीच मेड़ के लिए कोविवाद हो गया था। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि सोमवार रात 8:30 बजे संत राम वर्मा, अमर बहादुर वर्मा और रमेश लाठी व अन्य लोग हथियार लेकर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए बंटी को जान से मारने की धमकी देने लगे, हालांकि लोगों की मौजूदगी के कारण विवाद बच गया।
पीड़ित के आरोप के मुताबिक रात 10:30 बजे वह गांव में मंदिर के पास मौजूद था। तभी रमेश के पक्ष के राज वर्मा, सचिन पाल, आदिल, गुलजार, गुलशाद, परख पांडेय और इमरान के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने उन पर असलहे से फायरिंग कर दी। किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई। गोसाईगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 11 नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।