पटाखा बाजार में वाहन के साथ जाते लोग
सुल्तानपुर। शहर के खुर्शीद क्लब मैदान में बुधवार को लगे पटाखा बाजार में अग्निशमन विभाग के मानक की धज्जियां उड़ते देखी गई। बड़ी संख्या में लोग वाहन लेकर अंदर घुस गए। अग्निशमन विभाग के कर्मी भी पटाखा बाजार में नहीं दिखाई दिए। इधर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी के कार्यालय में दूसरे दिन बुधवार को भी ताला लटका रहा।
दीपावली पर शासन ने अस्थायी पटाखा दुकान लगाने के लिए जो एडवाइजरी जारी की है, उसका पालन खुर्शीद क्लब में लगी बाजार में नहीं दिखा। कई दुकानों में टेंट लगे थे। पटाखा दुकानें तीन मीटर से कम की दूरी पर लगाई गई थीं। पटाखा दुकानों में प्रकाश व्यवस्था के लिए लगे तारों के ज्वाइंट खुले थे। प्रत्येक मास्टर स्विच में फ्यूज या सर्किट ब्रेकर नहीं लगा दिखा। पानी के दो टैंकर खड़े थे। पटाखा दुकानों के सामने ही कई लोगों ने अपनी बाइकें पार्क कर दी। जब शिकायत हुई तो कोतवाली पुलिस ने बाइकों को बाहर निकलवाया।
अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस का नंबर दुकान परिसर के एक भी स्थान पर नहीं लगा था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि वह कादीपुर में हैं। पटाखा बाजार की व्यवस्था के बारे में वह नहीं बता सके। प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि पुलिस के मना करने के बाद भी लोग वाहन लेकर अंदर घुस जाते हैंं। सुरक्षा की जांच करना अग्निशमन विभाग का काम है।