वलीपुर (सुल्तानपुर)। मुसाफिरखाना देवरा मार्ग पर पारा गनापुर के बीच सड़क पर हुए गड्ढे में मिट्टी डालते समय डंपर में हाईटेंशन लाइन का तार छू गया। इससे डंपर में आग लग गई। समय रहते चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। स्थानीय लोगों की मदद से डंपर की आग पर काबू पाया जा सका।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के मुसाफिरखाना देवरा मार्ग पर लखनऊ-बालिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण में मिट्टी की ढुलाई से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। गड्ढों में मिट्टी डालकर उन्हें भरने का काम चल रहा था। बुधवार दोपहर 12 बजे तिरहुंत के पास बने कंपनी के प्लांट से एक डंपर मिट्टी लेकर पहुंचा था।
मिट्टी उतारने का काम चल रहा था कि ऊपर से गुजरे हाईटेंशन लाइन का तार डंपर में छू गया। जब तक कोई कुछ समझता डंपर में आग लग गई। इसी बीच चालक नागेंद्र सिंह निवासी औरंगाबाद बिहार ने डंपर से कूदकर अपनी जान बचा ली। चालक की सूचना के बाद कंपनी से एक टैंकर पानी पहुंचा, जिससे आग बुझाई जा सकी।