सुल्तानपुर। करौंदीकलां कस्बे में बुधवार सुबह जियो के मोबाइल टावर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे टावर को चपेट में ले लिया। घटना स्थल से चंद कदम की दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चे आग की लपटें देख दहशत में आ गए।
सूचना के बाद पहुंचे थानाध्यक्ष ने मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। कंपनी के कर्मचारी की मानें तो आग से करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
करौंदीकला थाना क्षेत्र के कस्बे में जियो का मोबाइल टावर है। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे अचानक टावर में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा टावर आग की चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना करौंदीकलां थानाध्यक्ष शिव बालक को दी। दूसरी तरफ घटना स्थल से मात्र 100 मीटर की दूरी पर प्राथमिक विद्यालय करौंदीकलां में बच्चे आग की लपटें और धुआं देखकर चिल्लाने लगे।
बच्चों को विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने संभाला। उधर, सूचना के बाद एसओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को घटना स्थल से दूर किया। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया।
एसओ करौंदीकलां शिव बालक ने बताया कि आग से कितने का नुकसान हुआ है इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। दूसरी तरफ टावर के एक कर्मचारी ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी और करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
जिस समय मोबाइल टावर में आग लगी, उस समय क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बंद थी। ऐसे में बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग कैसे लग सकती है। इस बात को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
दूसरी तरफ कुछ लोगों का कहना था कि टावर में रखे जनरेटर सेट से ही शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग से जनरेटर सेट समेत अन्य उपकरण जल गए।