सुल्तानपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को हुईं आग की घटनाओं में करीब 152 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इसमें किसानों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों व अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लंभुआ क्षेत्र के राणानगर मोहल्ले में सुबह करीब साढ़े 10 बजे गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। धुआं उठता देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंच कर आग बुझाने लगे, लेकिन तेज हवा के चलते आग फैलती चली गई। आग से फूला देवी, बैजनाथ वर्मा, राजेश, हरिकेश, आंनद, चंदन, सुशीला आदि किसानों की छह बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि चिंगारी की वजह से फसल में आग लगी।
उधर, हड़हा गांव के मठापुरवा में लगी आग से किसानों की करीब 18 बीघा गेहूं की फसल जल गई। रामकलप, रमाकांत, राजेंद्र प्रसाद, घनश्याम, राधेश्याम, सुनील, भगवत प्रसाद, कृष्ण कुमार, बजरंग बहादुर, मीरा देवी, लोदी राम आदि किसानों ने बताया कि खेत के बगल से हाईटेंशन लाइन की वजह से खेत में आग लगने से नुकसान हुआ है। तहसीलदार देवानन्द तिवारी ने बताया कि मौके पर राजस्व टीम भेजी गई है।
वहीं, धनपतगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरी सांईनाथपुर में सुबह 11 बजे अज्ञात कारणों से लगी आग से राम अछैवर, शंभूनाथ, विजय पाल दुबे, रामधीरज दुबे समेत अन्य किसानों की करीब 12 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीण ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बसायकपुर गांव में आग लगने से करीब 21 बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी अग्निशमन कर्मियों को दी। सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों की मशक्कत से आग पर किसी तरह काबू पाया गया।
वहीं, दोस्तपुर थाना क्षेत्र के भरथुआ गांव में खेत में आग लगने से किसान राहुल की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बगल में रखी लगभग 15 बीघा खेत से कटी गेहूं की फसल भी आग की चपेट में आने से जल गई। अखंडनगर थाना क्षेत्र के प्राणनाथपुर गांव में अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में लगी आग से किसान राज नारायण मालवीय, अजय मालवीय, संजय मालवीय, गयाराम वर्मा, जगदंबिका प्रसाद सिंह और कामेश्वर सिंह की करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जानकारी मिलने के बाद कादीपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।