सुल्तानपुर। श्रीकृष्ण प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान रविवार रात निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने छह डीजे संचालकों सहित कुछ अज्ञात संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
डीजे संचालकों को पहले ही आवाज कम करने और शासन व न्यायालय के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया था। श्रीकृष्ण प्रतिमा विसर्जन जुलूस के मद्देनजर रविवार को शाहगंज, घंटाघर से बस स्टैंड तक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी थी। कुछ डीजे संचालक अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाते मिले। पुलिस टीम ने पहुंचकर ध्वनि मानकों के अनुरूप आवाज कम करने के निर्देश दिए। डीजे और वाहनों की फोटो व वीडियोग्राफी कराई।
सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान राजन डीजे, संसार डीजे, प्रदीप डीजे और आशीष डीजे सहित कुछ अज्ञात संचालकों के डीजे में बड़ी संख्या में साउंड सिस्टम व ट्वीटर हॉर्न लगे होने और निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन किए जाने की पुष्टि हुई। मंगलवार को कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।