सुल्तानपुर। दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को मुकदमे की पैरवी करने पहुंचे शहर के जमाल गेट, खैराबाद निवासी सैय्यद जीशान पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सैय्यद रहमान उर्फ मानू और उनके पुत्र फरहान ने हमला कर दिया। आरोपियों ने जीशान के कपड़े फाड़कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उनकी तहरीर पर कोतवाली नगर में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सैय्यद जीशान के मुताबिक वह सोमवार दोपहर एसीजेएम-द्वितीय कक्ष संख्या-18 के बाहर अपने मुकदमे की पैरवी में पहुंचे। वहां पर विपक्षी सैय्यद मो. रहमान उर्फ मानू भी पहुंचे थे। वह अपने मुकदमे में जिरह की पैरवी कर रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि उसी समय सैय्यद रहमान व उनके पुत्र मो. फरहान उन्हें गालियां देने लगे। मना करने पर आरोपियों ने उनका कपड़े फाड़ दिए। विपक्षियों के हमले में उनके सीने और हाथ में चोट लग गई। वकीलों के बीच-बचाव से जीशान बच सके। आरोप है कि पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष सैय्यद रहमान मानू का आपराधिक इतिहास है।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरी ओर पूर्व पालिकाध्यक्ष सैय्यद रहमान ने आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने भी प्रकरण की शिकायत की है।