भदैंया (सुल्तानपुर)। हनुमानगंज बाजार में व्यवसाई परिवार पर किए गए हमले के मामले में पुलिस ने सगे भाइयों समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। पुलिस हमले में शामिल 30 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दूसरी तरफ तनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को बाजार का दौरा कर हालात की जानकारी ली।
अयोध्या में हुए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन की खुशी में कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज बाजार में लोग बुधवार को प्रसाद बांट रहे थे। तभी कुछ लोगों से इनका विवाद हो गया था। विवाद के बाद दर्जनों की संख्या में पहुंचे सद्दाम आदि ने व्यवसाई जयराम मोदनवाल के घर पर हमला करके तोड़फोड़ की थी।
हमलावरों ने जयराम, कुलदीप, राजेश, सुमन की पिटाई भी की थी। पीड़ित जयराम की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने गांव के ही सद्दाम, असलम, अकरम, वकील अहमद, नदीम, समी और वसीम के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने हमले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही हमले में शामिल 30 अन्य लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के विरोध में हनुमानगंज बाजार शुक्रवार को भी बंद रहा। तनाव को देखते हुए एसपी शिवहरी मीणा पुलिस टीम के साथ बाजार पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी ने एसओ कोतवाली देहात को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
एसपी ने लिया कंटेनमेंट जोन का जायजा
भदैंया। हनुमानगंज बाजार में एसपी शिवहरी मीणा ने पुलिस टीम के साथ पैदल मार्च कर कोविड-19 के कंटेनमेट जोन का जायजा लिया। एसपी ने लोगों से मास्क लगाने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की बात कही।