अमेठी। पावर कॉर्पोरेशन के निर्देश पर बाराबंकी के प्रवर्तन दल ने शहर में छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी। इसमें पकड़े गए पांच आरोपियों के विरुद्ध टीम ने केस दर्ज कराया है। प्रवर्तन दल बाराबंकी के प्रभारी निरीक्षक कमलेश्वर प्रसाद की अगुवाई में टीम ने बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान चलाया।
शहर के गायत्री नगर मोहल्ला निवासी संजय कुमार का दो लाख 65 हजार रुपये और मुंशीगंज रोड निवासी राजमणि का तीन लाख 12 हजार रुपये बकाया होने पर पूर्व में कनेक्शन काट दिया गया था। टीम की छापे के दौरान दोनों उपभोक्ताओं के यहां चोरी से कनेक्शन जोड़कर बिजली आपूर्ति होती मिली।
वहीं थाना क्षेत्र जगदीशपुर के गांव कोछित निवासी लल्लन सिंह की शहर के धम्मौर रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर, भदौरियन का पुरवा निवासी वीरेंद्र बहादुर सिंह और ककवा बाजार निवासी सुनील कुमार की ओर से कटिया लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी।
प्रवर्तन दल ने संजय कुमार, राजमणि, लल्लन सिंह, वीरेंद्र बहादुर और सुनील कुमार के विरुद्ध बिजली चोरी का केस दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि प्रवर्तन दल बाराबंकी के प्रभारी निरीक्षक कमलेश्वर प्रसाद की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।