वलीपुर। बल्दीराय के सूबेदार का पुरवा मजरे बिसावा में गत 18 मार्च की रात पेड़ के सहारे फंदे से लटके मिले राहुल यादव (21) के शव के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक की मां बृजमती का आरोप है कि मोनू पांडेय निवासी लंगड़ी बाजार, अमित मिश्र निवासी मेदई का पुरवा मजरे मऊ और लाले विश्वकर्मा निवासी दौनो ने गत बुधवार शाम 7:30 बजे उनके पुत्र राहुल को फोन कर बाग में बुलाया था। आरोप लगाया कि तीनों ने उनके पुत्र की हत्या कर शव को चिलबिल के पेड़ के सहारे शर्ट के फंदे से लटका दिया। बृजमती के मुताबिक चीख-पुकार की आवाज सुनकर अपने बेटे विशाल व अन्य ग्रामीणों के साथ बाग में पहुंचीं तो आरोपियों को भागते देखा।
प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उधर, शव का अंतिम संस्कार शुक्रवार की सुबह कर दिया गया। संवाद