सुल्तानपुर। भाजपा में जिला पंचायत अध्यक्ष के टिकट को लेकर घमासान शुरू हो गया है। निवर्तमान अध्यक्ष के साथ एक अन्य प्रभावशाली महिला की दावेदारी में दोनों तरफ से कई दिग्गज पैरोकारी में जुटे हैं। दिग्गजों की पैरोकारी से पार्टी कोई निर्णय नहीं ले पा रही है।
जिला पंचायत सदस्य चुनाव में तीन सीट जीतने वाली भाजपा में अध्यक्ष पद के टिकट को लेकर घमासान शुरू हो गया है। नतीजे की घोषणा के बाद पार्टी से टिकट को लेकर निवर्तमान अध्यक्ष ऊषा सिंह तकरीबन आश्वस्त थीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष सीट महिला के लिए आरक्षित होने की वजह से भाजपा से डीडीसी के चुनाव में इकलौती महिला के रूप में विजयी होने से भी उन्हें टिकट को लेकर बल मिला था।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम की संस्तुति भी कर दी गई। इस बीच बल्दीराय तहसील क्षेत्र की एक अन्य निर्दल महिला की ओर से पैरोकारी शुरू होने से पेंच फंस गया है।
मजबूत राजनीतिक घराने से जुड़ी महिला के पक्ष में शासन सत्ता के कई दिग्गजों के उतर आने से टिकट को लेकर घमासान मचा है। राजनीतिक दिग्गज महिला को भाजपा में शामिल कराकर टिकट की पैरोकारी में जुटे हैं।
महिला के परिवार का पूर्व में भाजपा से ही जुड़ाव रहने की वजह दोबारा एंट्री से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि निवर्तमान अध्यक्ष ऊषा सिंह के पक्ष में पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व मंत्री, कई माननीय व संगठन के कई दिग्गज खड़े हैं। इसके बाद भी पार्टी अभी तक निर्णय नहीं ले सकी है।
प्रदेश संगठन लेगा निर्णय
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष ऊषा सिंह के नाम की संस्तुति क्षेत्रीय कार्यालय को पिछले माह ही भेजी जा चुकी है। क्षेत्रीय कार्यालय से प्रदेश कार्यालय को भी संस्तुति भेजी गई है। निर्णय प्रदेश संगठन को करना है।