51. मेडिकल काॅलेज के दवा काउंटर पर दवा लेने के लिए लगी मरीजों व तीमारदारों की भीड़। संवाद
सुल्तानपुर। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड के कारण लोगों को सूखी खांसी, गले में दर्द और सर्दी-जुकाम की समस्या सताने लगी है। ओपीडी में सुबह से ही ब्लड जांच के लिए मरीज परेशान नजर आए। छुट्टी के बाद सोमवार को ओपीडी खुली तो 2130 नए मरीजों ने पंजीयन कराया। लगभग 2000 पुराने मरीज भी इलाज कराने आए।
फिजिशियन की ओपीडी में रोजाना औसतन 300 से 400 मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें अधिकतर वायरल संक्रमण से पीड़ित हैं। सीएमएस डॉ.एसी गुप्ता ने बताया कि रात के मौसम में आई ठंडक और बार-बार हो रहे बदलाव के कारण लोग वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों में फिलहाल बुखार, सूखी खांसी और गले में दर्द की शिकायत अधिक देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि ठंडी खाद्य सामग्री का सेवन भी इन समस्याओं को बढ़ा सकता है। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग, बच्चे और बुजुर्ग ऐसे मौसम में ज्यादा प्रभावित होते हैं, इसलिए उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों को फ्रिज का ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक और अधिक खट्टी चीजों के सेवन से बचने की सलाह दी है।
ब्लड जांच के लिए मरीज परेशान
लंबे समय तक बुखार ठीक न होने पर मरीजों की जांच कराई जा रही है। ऐसे में ब्लड जांच के लिए मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। ऑनलाइन रिपोर्ट सिस्टम लागू होने से जांच में दिक्कत हो रही है। घंटों कतार में लगने के बाद सैंपल वॉयल मिल रहा है। इसके बाद जांच कराने व रिपोर्ट लेने में पसीना छूट जा रहा है। सीएमएस ने बताया कि वायरल की वजह से मरीज बढ़ने से थोड़ी समस्या आ रही है।