भदैंया (सुलतानपुर)। लोलेपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार रात हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट आ गया। ईस्ट फीडर से जुड़े 20 गांवों की आपूर्ति ठप होने से 50 हजार की आबादी 17 घंटे गर्मी से परेशान रही।
शनिवार की रात 11:00 बजे ईस्ट फीडर की लाइन में फाॅल्ट आने से रामपुर, शिवनगर, फतेपुर, पखरौली, हरीरामपुर, धरौली, मिश्रौली समेत 20 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने सूचना दी, तो कर्मी फॉल्ट खोजने में जुट गए। रातभर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सुबह लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा।
रविवार दोपहर 12:00 बजे तक आपूर्ति बहाल हुई तो ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। एसडीओ आरके प्रसाद ने बताया कि फाॅल्ट आने से आपूर्ति बाधित थी। ठीक कराकर बिजली सप्लाई बहाल करा दी गई।
इनसेट
जला ट्रांसफार्मर, चार हजार आबादी की बढ़ी मुश्किलें
धम्मौर (सुलतानपुर)। भीषण गर्मी के बीच शनिवार देररात धम्मौर के मनियारपुर गांव का ट्रांसफार्मर जलने से करीब चार हजार की आबादी प्रभावित है। मनियारपुर निवासी अशोक सिंह, संतोष सिंह,अमन सिंह, रविंद्र सिंह, आशुतोष, राजेश, रईश अहमद, श्याम लाल, विकास कोरी आदि ने बताया कि लगातार अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की जा रही है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जेई सचिन यादव ने बताया कि ओवरलोड के चलते समस्या हो रही है। सोेमवार तक जला ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।
जरा सी चली हवा, कट गई बिजली
सुल्तानपुर। शहर में बिजली कटौती का आलम यह है कि शनिवार शाम जरा सी हवा चलते बत्ती आपूर्ति बंद हो गई। डाकखाना, दरियापुर, ट्रांसपोर्टनगर, केएनआई उपकेंद्र से जुड़े गांव व मोहल्ले में बिजली चली गई। शहरवासियों को शाम के समय पानी की समस्या से जूझना पड़ा। एसडीओ विश्वजीत कुमार ने बताया कि तेज हवा से फाल्ट आने की दिक्कत रहती है। इससे कटौती की गई है।