बिरसिंहपुर अस्पताल में बैठे मृतकों के परिजन। -संवाद
सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। जनपद अंबेडकरनगर में रविवार रात पुत्री के विवाह का निमंत्रण कार्ड देने गए बाइक सवार पिता समेत दो लोग सड़क हादसे में घायल हो गए। बिरसिंहपुर अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों दोस्तपुर थाना क्षेत्र के किशनागरपुर के रहने वाले थे। सोमवार को शव ले जाने को लेकर परिजनों व चिकित्सकों में कहासुनी भी हुई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो गया।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के किशनागरपुर भटपुरा गांव निवासी रोशनलाल (38) की चार संतान हैं। बड़ी बेटी माधुरी, दूसरे नंबर पर श्रद्धा, तीसरे नंबर पर दीपांशु व सबसे छोटा बेटा शनि है। माधुरी की शादी तीन मार्च को तय है। रविवार को वह शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने बाइक से अपने गांव के मित्र शिव प्रसाद (32) के साथ अंबेडकरनगर जिले में गए थे।
रात करीब आठ बजे रोशनलाल व शिव प्रसाद बाइक से घर लौट रहे थे। महरुआ थाना क्षेत्र में दोस्तपुर-महरुआ मार्ग पर बलईपुर गांव के पास अज्ञात वाहन से उन्हें टक्कर लग गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगो ने एंबुलेंस से दोनों को बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। रात भर शव अस्पताल में पड़ा रहा।
सोमवार सुबह परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो चीख-पुकार मच गई। घरवाले अन्य ग्रामीणों के साथ बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंच गए। वहां शव घर ले जाने की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर चिकित्सकों से उनकी कहासुनी हुई। पुलिस के समझाने पर घरवाले पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए।