द्वारिकागंज (सुल्तानपुर) l क्षेत्र के रामरती इंटरमीडिएट काॅलेज, द्वारिकागंज में 74वां तीन दिवसीय जनपदीय युवा क्रीड़ा समारोह 2024 का शनिवार को आयोजन किया गया। इसमें एथलेटिक्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम व कला प्रतियोगिता होगी। पहले दिन फर्राटा बालक वर्ग में धर्मेंद्र और बालिका वर्ग में साक्षी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ शहर विधायक विनोद सिंह, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य पंकज वर्मा व जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने किया। पिछले वर्ष की चैंपियन शालू ने मशाल लेकर खिलाड़ियों का अभिवादन किया। उद्घाटन अवसर पर सीनियर संवर्ग बालक-बालिका अंडर-19 की दौड़ प्रतियोगिता हुई। बालक संवर्ग की 800 मीटर दौड़ में बरवारीपुर इंटर काॅलेज के धर्मेंद्र प्रजापति प्रथम, देवलपुर के अनुराग पांडेय द्वितीय और रामरती इंटर काॅलेज के मो. अशरफ तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका संवर्ग अंडर-19 की 800 मीटर रेस में इंटर काॅलेज कुड़वार की साक्षी सिंह प्रथम और शिवानी प्रजापति द्वितीय स्थान पर रहीं। श्रीचंद इंटर काॅलेज, गोसाईगंज की दिली यादव तीसरे स्थान रही। बालक संवर्ग अंडर-17 की 800 मीटर दौड़ में कुड़वार के हिमेश मिश्रा, बेला पश्चिम के अंकित कोरी, रामरती के रोहित यादव क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे।
बालिका संवर्ग अंडर-17 की 800 मीटर रेस में कुड़वार की रिशा प्रथम, सर्वोदय इंटर काॅलेज लंभुआ की आयुषी और शाहिना बानो क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। बालक संवर्ग अंडर-19 की 1500 मीटर दौड़ में बरवारीपुर के गौरव निषाद प्रथम, देवलपुर के अनुराग पांडेय द्वितीय व कुड़वार के मो. सैफ खां तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को शहर विधायक ने पुरस्कृत किया।
आयोजन प्रभारी सर्वेशकांत वर्मा ने बताया कि एक विद्यालय से दो प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ. रामजीत ने कहा कि प्रतियोगिता तीन दिन तक चलेगी। इस मौके पर प्रबंधक भूपेंद्र वर्मा, क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह, मुनेंद्र मिश्र, मंशाराम, बम बहादुर, सुरेश यादव, सुरेंद्र, राजेश कनौजिया, मनोज वर्मा, विवेक सिंह, सौरभ मिश्र विनम्र, चंद्रभान तिवारी, जिला व्यायाम शिक्षक राहुल तिवारी, कांति सिंह, हीरलाल यादव आदि मौजूद रहे।