निर्माणधीन भवन का लिंटर व छज्जा गिरा
भदैंया (सुल्तानपुर)। निर्माण सामग्री की खराब गुणवत्ता के कारण शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बन रहे लैब भवन का लिंटर व छज्जा भर-भराकर ढह गया। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई है। इधर, जानकारी लगते ही ठेकेदार मलबे को हटवाने में जुट गया।
करीब 20 लाख रुपये की लागत से बन रहे लैब भवन के निर्माण की गुणवत्ता पर ही प्रश्न चिह्न लग रहा है। लैब भवन का काम यूपीसीएलडीएफ करा रही है। पीली ईंटों और मौरंग की जगह बालू का प्रयोग हो रहा है। लैब भवन की टाई-बीम के बीचोबीच बिना रिंग डाले ही तैयार करने का आरोप शिकायतकर्ता ने पहले लगाया था। शुक्रवार को भाजपा भदैंया मंडल अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ने कार्यस्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा।
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. आरपी सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत मिली है। काम को रोकने के लिए मेरे पास कोई अधिकार नहीं है। लखनऊ से ही ठेकेदारों को काम मिला है। उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई है।