सुल्तानपुर में बैठक को संबोधित करते किसान नेता।
- फोटो : SULTANPUR
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयता वादी) की बैठक सीएचसी के बगल हनुमान मंदिर परिसर में हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने जन समस्याओं का मुद्दा उठाया। संगठन ने आंदोलन के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी।
बैठक में जिलाध्यक्ष रमाशंकर चौधरी ने कहा कि किसानों व मजदूरों की समस्याओं को कोई सुनने वाला नहीं है। किसान अपनी फरियाद लेकर जब भी संबंधित विभाग के अधिकारी के पास जाता है तो वहां उसकी नहीं सुनी जाती है। जिला उपाध्यक्ष बाबा संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि गेहूं की बुआई का समय चल रहा है। ऐसे समय में अधिकांश सहकारी समितियों पर डीएपी खाद नदारद है।
एक तरफ किसान महंगाई से जूझ रहा है, वहीं समिति पर खाद नहीं होने के कारण प्राइवेट दुकानों से डीएपी लेने को मजबूर है। इसके खिलाफ एकजुट होकर किसानाें के साथ संगठन संघर्ष करेगा। ब्लॉक अध्यक्ष राम सुरेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सदस्य बनाने का काम करें।
मौके पर ब्लॉक महासचिव छोटेलाल पांडेय, कुसुम पांडेय, महेंद्र, सुनीता, दान बहादुर सिंह, शिवराम विश्वकर्मा, राम तीरथ तिवारी, वासुदेव वर्मा, किरन, उर्मिला, यशोदा देवी, महेश समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।