शहर से सटे अमहट स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान पार्क में शुक्रवार को उद्यान विभाग के तत्वावधान में किसानों को 3150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू के बीज का वितरण किया गया। आलू का बीज उन्हीं किसानों को दिया गया, जिन्होंने पहले से विभाग में आवेदन किया था। आलू बीज खरीदने के लिए किसानों की भीड़ जमा रही।
जिले में आलू की पैदावार बढ़ाने के लिए शासन ने उद्यान विभाग को 100 क्विंटल आलू बीज मुहैया कराया था। शुक्रवार को शहर से सटे अमहट स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान पार्क में सुबह 10 बजे से आलू बीज के वितरण का कार्य शुरू किया गया। बाजार से सस्ते रेट 3150 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से किसानों को आलू के बीज का वितरण किया गया।
आलू बीज की खरीद के लिए किसानों को पार्क में बने भवन के काउंटर पर अपना नाम बताना पड़ता था। उद्यान विभाग के रजिस्टर में नाम के मिलान की पुष्टि होने के बाद संबंधित किसान से पैसा जमा कराया जाता था। इसके बाद उसे एक कागज का टोकन दिया जाता था।
पास में टोकन दिखाने के बाद किसान को आलू बीज दिया जाता था। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि अमहट पार्क में सुबह 10 बजे से आलू बीज का वितरण शुरू हो गया। आलू बीज की बिक्री के लिए विभाग के उद्यान निरीक्षक पवन सिंह, रामकेदार यादव समेत कई कर्मचारियों को लगाया गया था।