भदैंया के सरकारी बीज भंडार से गेहूं का बीज लेकर जाता किसान।
भदैंया। सरकारी बीज गोदाम पर किसानों को पसंदीदा किस्मों के गेहूं के बीज नहीं मिल पा रहे हैं। बीज की एकमात्र वैरायटी की उपलब्धता से किसान निराश होकर लौट रहे हैं।
विकास खंड क्षेत्र का सरकारी बीज भंडार ब्लॉक मुख्यालय से करीब छह किमी दूर भदैंया गांव में है। वर्तमान में बीज गोदाम पर गेहूं की एकमात्र वैरायटी बीबी डब्ल्यू 343 ही मौजूद है। किसानों के मुताबिक, इस गेहूं के दाने लंबे व बालियां लाल होती हैं। क्षेत्र के अधिकांश किसान 2967, 2943 व 303 वैरायटी के बीज की बोआई करते हैं। ये वैरायटी पिछले 10 दिनों से केंद्र पर नहीं है।
गोदाम प्रभारी किसानों को दो दिन बाद अन्य किस्म का बीज देने की बात कर रहे हैं। शुक्रवार को बीज गोदाम पर आए किसान रामसागर व उमेश ने बताया कि बोआई के समय गोदाम पर बीज नहीं मिल रहा है। किसान राजेश व राम सुमेर ने आरोप लगाया कि केंद्र पर जो बीज उपलब्ध है, उसे भी सरकारी दर 936 (40 किग्रा की बोरी) के बजाय 1100 रुपये में दिया जा रहा है।
जल्द आएगा गेहूं का बीज
गोदाम प्रभारी नवीन कुमार यादव ने बताया कि भदैंया गोदाम पर बीबीडब्ल्यू 303, बीबीडब्ल्यू 187, डब्ल्यू एच 1270, बीबी डब्ल्यू 343, एचडी 2967 वैरायटी का गेहूं का बीज आया था। जिसमें चार वैरायटी का वितरण कर दिया गया है। अभी बीबी डब्ल्यू 343 वैरायटी का गेहूं ही मौजूद है। गेहूं के बीज के साथ किसानों को 100 रुपये का शोधक कल्चर दिया जा रहा है। दो दिन बाद अन्य वैरायटी के गेहूं के बीज आ जाएंगे।