जिले में मौसम का मिजाज रविवार को एक बार फिर बदल गया। मौसम के बदले रुख से दिन भर बादल छाए रहे। बादलों ने किसानों की नींद उड़ा दी है। बारिश होने पर गेहूं समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान होगा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया है।
रविवार को एकाएक मौसम के रुख में परिर्वतन आ गया है। सुबह लोग सोकर उठे तो घने बादल दिखे। आसमान में छाए बादलों ने किसानों की नींद उड़ा दी है। राई, सरसों, मटर, मसूर की फसल को काटने में लगे किसान परेशान हो गए हैं। किसान इस बात को लेकर चिंतित है कि बारिश होने पर खेतों में पककर अगेती गेहूं, जौ, सरसों समेत अन्य फसलों में भारी नुकसान हो जाएगा। दिन भर आसमान में बादल छाए रहने से किसानों ने फसल को बचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं छिटपुट बारिश भी हो सकती है। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह नागा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 31.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है।