नलकूप के पास खेत की रखवाली कर रहे किसान पर शुक्रवार रात एक सांड़ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिवारीजन किसान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे गंगेरवा निवासी किसान ओमप्रकाश यादव (50) पुत्र यदुनाथ यादव का गांव के बाहर जालपन भवानी के पास नलकूप और खेत है। शुक्रवार रात ओमप्रकाश यादव खेत की रखवाली के लिए नलकूप पर गए थे।
नलकूप के पास ही वे जालपन भवानी निवासी राम कुमार से बात कर रहे थे। तभी एक सांड़ ओमप्रकाश यादव के खेत में घुस गया। ओमप्रकाश ने लाठी पटककर उसे भगा दिया। थोड़ी देर बाद सांड़ ओमप्रकाश के पास पहुंचा और उन पर हमला कर दिया।
सांड़ के हमले में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। राम कुमार ने इसकी सूचना उनके परिवारीजनों को देते हुए घायल को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने ओमप्रकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात जिला अस्पताल पहुंचे ओमप्रकाश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पूरे ठकुराइन निवासी ओमप्रकाश की पत्नी का पूर्व में ही निधन हो चुका है जबकि घर में बुजुर्ग मां सुभद्रा (75), बेटी गीता (22), सीता (18), बेटा विक्की (16) व संजय (14) हैं। ओमप्रकाश की मौत से मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
किसान पर जिस सांड़ ने हमला किया, उसी ने एक माह पूर्व मवई निवासी हनुमान सिंह व शिवराम सिंह को भी घायल कर दिया था। सांड़ के हमले में घायल दोनों किसानों का उपचार कराया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि सांड़ को पकड़ने के लिए पुलिस के साथ ही वन विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।