कादीपुर। मालापुर (कुकुड़ीपुर) निवासी किसान राम मूरत निषाद (59) सोमवार दोपहर स्कूटी से कादीपुर से अपने गांव जाने के लिए निकले। मालापुर मोड़ के पास स्कूटी में पीछे से कार की टक्कर लग गई। दुर्घटना में राम मूरत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ग्रामीणों ने कादीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार, राम मूरत सोमवार दोपहर घर से स्कूटी से कादीपुर बाजार गए थे।
वहां से दोपहर करीब 03.30 बजे घर लौट रहे थे। इसी बीच मालापुर गांव के मोड़ के पास दुर्घटना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राम मूरत ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कार को छोड़कर चालक भाग निकला। कादीपुर पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। क्षतिग्रस्त स्कूटी को ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थान पर रखवाया है। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परिवार में मची चीख-पुकार
राम मूरत के परिवार में तीन पुत्र महेंद्र (28), गौरव (24), अर्जुन (20) व पत्नी शीला देवी हैं। उनकी तीन पुत्री रंजिता, मनीषा व अनीता का विवाह हो चुका है। बड़े पुत्र महेंद्र का भी विवाह हो चुका है। तीनों पुत्र दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। राम मूरत की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।