सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। किसानों के फार्मर रजिस्ट्री में सर्वर की समस्या आड़े आ रही है। सर्वर की धीमी रफ्तार के चलते पंजीकरण की प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। किसान पंजीकरण के लिए सीएससी और कृषि विभाग का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जनसुविधा केंद्र संचालकों का कहना है कि रात्रि में भी काम करने काे राजी हैं, लेकिन जब तक किसान केंद्र पर कागजात जमा नहीं करेंगे तो कैसे कार्य को करेंगे। जो भी किसान रजिस्ट्री को आता है तो रजिस्ट्रेशन करके रात्रि में केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा करते हैं। इतना ही नहीं आधार कार्ड में जरूरी संशोधन, मोबाइल नंबर सीडिंग, खतौनी व आधार के नामों में अंतर आदि दिक्कतों की वजह से भी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही हैं।
किसान राम बहादुर, अजीत, दिलीप, अशोक, राज बहादुर, राजेंद्र, राम स्वारथ, दुर्गा प्रसाद व ओमप्रकाश ने बताया कि जनसेवा केंद्र पर जाकर कई बार फार्मर रजिस्ट्री कराने गया। हर बार सर्वर की समस्या सामने आ रही है।
प्रतिदिन हो रही 1600 फार्मर रजिस्ट्री
एसडीएम जयसिंहपुर शिव प्रसाद ने बताया दिन में सर्वर की समस्या आ रही है। जनसेवा केंद्र संचालक को रात में रजिस्ट्री करने को कहा गया है। तहसील में प्रतिदिन 1600 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो रही है। इसे बढ़ाकर प्रतिदिन 2500 करना है। किसान अपने जरूरी कागजात जनसेवा केंद्र पर जमा कर दें। रात में ओटीपी लेकर जनसेवा केंद्र संचालक फार्मर रजिस्ट्री कर देंगे।