दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। खालिसपुर डींगुर गांव में शुक्रवार को खेत में धान की रोपाई कर रहे एक किसान पर बरसात के दौरान बिजली गिर पड़ी। गंभीर हालत में किसान को लेकर परिवारीजन सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के खालिसपुर डींगुर गांव निवासी राम उजागिर (55) शुक्रवार को अन्य लोगों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। शाम को अचानक तेज बरसात के दौरान बिजली राम उजागिर पर गिर पड़ी।
गंभीर रूप से झुलसे राम उजागिर को लेकर परिवारीजन सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।