कादीपुर (सुल्तानपुर)। तहसील संपूर्ण समाधान दिवस औपचारिकताओं तक सिमट गए हैं। हालत यह है कि फरियादी एक ही शिकायत के निस्तारण के लिए बार-बार भटक रहे हैं। शनिवार को ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में आयोजित तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी परेशान दिखे।
जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 295 शिकायतें आईं। इसमें राजस्व विभाग के 165, पुलिस के 45, विकास के 37 व अन्य विभागों के 48 मामले शामिल रहे। शिकायतों में 23 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, प्रशिक्षु आईएएस रिदम आनंद, सीएमओ डाॅ. भारत भूषण, परियोजना निदेशक अशोक, एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी, सीओ विनय गौतम, तहसीलदार घनश्याम भारती सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह बल्दीराय, लंभुआ, सदर और जयसिंहपुर में भी समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
-
तीसरी बार मिला आश्वासन
फोटो संख्या-9
नगर पंचायत कादीपुर के सभासद सूर्यलाल गुप्त ने बताया कि वह कादीपुर-दोस्तपुर सड़क मार्ग की मरम्मत से संबंधित शिकायत लेकर तीसरी बार पहुंचे हैं। इस बार भी जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन मिला है।
-
पशु-पक्षी पी रहे दूषित पानी
फोटो संख्या-8
अनिरुद्ध नगर मोहल्ले के शिव मंगल सिंह ने बताया कि निराला नगर मोहल्ले में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बने तालाब में पानी नहीं है। कुछ घरों के प्रसाधनों का गंदा पानी तालाब में जा रहा है। यही पानी पशु-पक्षी पी रहे हैं। संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए।
-
लेखपाल पर भ्रामक रिपोर्ट लगाने का आरोप
फोटो संख्या-7
ग्राम कोटिया के रामनयन पांडेय छठवीं बार तहसील दिवस में पहुंचे थे। बताया कि उनके गांव में स्थित श्मशान की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इस संबंध में लेखपाल भ्रामक रिपोर्ट देकर मामले का निस्तारण दिखा रहे हैं। जिलाधिकारी ने मौके पर जाकर मामले के निस्तारण के निर्देश दिए।
-
आठवीं बार पहुंचीं बबीता
फोटो संख्या-6
मुड़िलाडीह बाजार की बबीता अग्रहरि ने आठवीं बार शिकायत करते हुए कहा कि बाजार में उनकी कपड़ा व सराफा की दुकान है। पिछले दिनों कुछ लोगों ने उन पर हमला किया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, उनकी कपड़े की दुकान भी बंद करवा दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर जाने के निर्देश दिए।