सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्रों को शुक्रवार को चाबी सौंपी गई। आशियाने का सपना पूरा होते ही सभी के चेहरे खिल उठे। शहर समेत ब्लॉकों पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने योजना का फायदा गिनाते हुए सरकार की योजनाओं को सराहा। शहर से लेकर विकास खंड तक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शहर के पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में शुक्रवार शाम ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक राजप्रसाद उपाध्याय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पात्रों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सरकार शहर से लेकर गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने पीएम आवास योजना के 10 पात्रों को चाबी, आयुष्मान, पीएम स्वनिधि समेत अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया। कार्यक्रम में दूबेपुर के डिंपल सिंह, बल्दीराय ब्लॉक के शिवकुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के आयोजक परियोजना निदेशक केके पांडेय ने सभी के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जिला मुख्यालय समेत ब्लॉकों में कार्यक्रम का आयोजन कर पीएम व सीएम आवास की चाबी का वितरण किया गया। लाभार्थियों को अन्य योजनाओं का भी लाभ दिया गया।
मोतिगरपुर में ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रताप सिंह द्वारा पीएम आवास के 150, लंभुआ में पीएम आवास के 44, धनपतगंज में 48 पात्रों को आशियाने की चाबी सौंपी गई। दोस्तपुर में विधायक राजेश गौतम ने पात्रों को चाबी सौंपी। इसके अलावा अन्य विकास खंडों में भी कार्यक्रम का आयोजन करके लाभार्थियों को चाबी सौंपी गई। लाभार्थियों को अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया गया। धनपतगंज में यशभद्र सिंह मोनू व ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य मौजूद रहे। आवास की प्रतीक चाबी पाकर लाभार्थी गदगद हो गए।